Sonbhadra news : कनहर बांध में थमी पानी की रफ्तार, 262 मीटर पर पहुंचा जलस्तर; पांच गेट बंद
कनहर सिंचाई परियोजना के बांध का जलस्तर लगातार घट रहा है। मंगलवार शाम जलस्तर 262.00 मीटर दर्ज किया गया।

sonbhadra
7:03 PM, September 1, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार, (सोनभद्र)। कनहर सिंचाई परियोजना के बांध का जलस्तर लगातार घट रहा है। मंगलवार शाम जलस्तर 262.00 मीटर दर्ज किया गया। पानी कम होने के बाद परियोजना प्रशासन ने पांच फाटकों को बंद कर दिया, जबकि छह फाटक अभी खुले हैं और उनसे पानी की निकासी जारी है।
बीते दिनों लगातार बारिश से कनहर बांध में पानी की आवक तेज हो गई थी। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए कई फाटकों से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया था। अब कैचमेंट क्षेत्र में आवक कम होने के साथ जलस्तर में गिरावट आने लगी है, जिसके चलते चरणबद्ध तरीके से फाटकों को बंद किया जा रहा है।
फिलहाल छह फाटकों से पानी छोड़े जाने के कारण कनहर नदी में बहाव बना हुआ है। सिंचाई विभाग और परियोजना प्रशासन जलस्तर व पानी की आवक पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। स्थिति सामान्य होने पर खुले फाटकों को भी बंद किए जाने की संभावना है।
सावधानी जरूरी: बांध से पानी की निकासी जारी रहने के कारण नदी के निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से नदी और बांध के आसपास जाने तथा मछली पकड़ने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।




