Sonbhadra News : श्रावण मास में जिले की सुरक्षा होगी हाईटेक, कांवड़ मार्गों समेत प्रमुख स्थलों पर लगेंगे 95 सीसीटीवी कैमरे
आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने.........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:08 PM, July 24, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने अल्ट्राटेक सीमेंट के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों, कांवड़ यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में 95 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिया हैं। यह व्यवस्था न केवल श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि पूरे वर्ष जनपद की कानून-व्यवस्था को भी मजबूत बनाएगी।
विभिन्न स्थानों पर 95 सीसीटीवी कैमरे किए जाएंगे स्थापित -
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रस्ताव के अनुसार कैमरे रामपुर बरकोनिया, पन्नूगंज, रॉबर्ट्सगंज, शाहगंज और घोरावल थाना क्षेत्रों के चिन्हित स्थानों पर लगाए जाएंगे। विजयगढ़ किला और रामसरोवर परिसर में 25 सीसीटीवी कैमरे, जबकि शिवद्वार मंदिर तिराहा पर 6 कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख चौराहों, तिराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुरूप कैमरे लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि "सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई पहले से अधिक प्रभावी होगी। इससे पुलिस और प्रशासन को रियल टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा मिलेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।"
सिर्फ श्रावण तक नहीं, पूरे साल रखेगी नजर -
जिला प्रशासन की यह पहल केवल श्रावण मास या कांवड़ यात्रा तक सीमित नहीं रहेगी। कैमरों के माध्यम से वर्षभर बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। इससे चोरी, लूट, तोड़फोड़, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी पुलिस को तकनीकी सहयोग मिलेगा।
जनभागीदारी से बनेगा सुरक्षित सोनभद्र -
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने जनपदवासियों, व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों एवं संस्थानों से भी अपने प्रतिष्ठानों, दुकानों, कार्यालयों और आवासों पर स्वेच्छा से सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से ही सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अपराधमुक्त जनपद का निर्माण संभव होगा।




