Sonbhadra News : कृषि मेले में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के ग्राम मंहुराही में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला एवं प्रदर्शनी किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और सरकारी योजनाओं...

sonbhadra
6:52 PM, June 19, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित, बीज किट वितरित कर आधुनिक खेती अपनाने का दिया संदेश
सोनभद्र । सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के ग्राम मंहुराही में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला एवं प्रदर्शनी किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी का बड़ा मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने प्रतिभाग करते हुए कृषि एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा किसानों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक और किसानों के हित में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्रों पर अनुदान, सिंचाई सुविधाएं तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच साबित हुई है और सरकार की नीतियों का सीधा लाभ गांव, गरीब और किसान तक पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने तथा कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
घोरावल विधायक डॉ0 अनिल कुमार मौर्य ने भी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कृषकों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कृषि मेले में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, जिला महामंत्री संतोष शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की किसान हितैषी नीतियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों का सम्मान रहा। प्रभारी मंत्री ने किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बीज किट वितरित किए। इससे किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अंत में ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने सभी अतिथियों, किसानों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कृषि मेले के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती, तकनीकी नवाचार और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने का संदेश दिया गया।




