Sonbhadra News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत से ज्यादा चर्चाओं में रहा कार्यक्रम, पोस्टरों से अमित शाह की तस्वीर गायब, कांग्रेस ने साधा निशाना
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सोनभद्र प्रथम आगमन पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया। हिन्दुआरी से लेकर स्वर्ण जयंती चौक तक सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया......

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत समारोह की कुछ झलकियां.....
sonbhadra
4:10 PM, July 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कार्यकर्ताओं द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी और पोस्टरों से अमित शाह की तस्वीर गायब होने पर नगर में चर्चाओं का बाजार रहा गर्म
सोनभद्र । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सोनभद्र प्रथम आगमन पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया। हिन्दुआरी से लेकर स्वर्ण जयंती चौक तक सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों का लंबा काफिला उनके स्वागत में शामिल रहा। हिन्दुआरी में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाइक रैली के साथ पहुंचे, जबकि स्वर्ण जयंती चौक पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के बीच प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में बाइक सवार बिना हेलमेट नजर आए, कई दोपहिया वाहनों पर तीन-तीन लोग सवार थे। वहीं कार्यकर्ता कई चार पहिया वाहन खुलेआम हूटर का प्रयोग करते दिखे। कई स्थानों पर यातायात नियमों की अनदेखी भी देखने को मिली। लंबे काफिले के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्था संभालते रहे, हालांकि नियमों के उल्लंघन को लेकर कोई सार्वजनिक कार्रवाई सामने नहीं आई।
कार्यक्रम के दौरान निकले लंबे वाहन काफिले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उन अपीलों की भी चर्चा छेड़ दी, जिनमें वे समय-समय पर ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी तथा अनावश्यक रूप से अधिक वाहनों के उपयोग से बचने का संदेश देते रहे हैं। प्रधानमंत्री सार्वजनिक परिवहन, साझा यात्रा (कार पूलिंग) और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने पर भी जोर देते रहे हैं। ऐसे में स्वागत के लिए बड़ी संख्या में वाहनों के इस्तेमाल को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं का बाजार गर्म रहा।
इस बीच कार्यक्रम से जुड़ा एक और पहलू भी पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। शहर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए लगाए गए अधिकांश होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर नजर नहीं आई। स्थानीय लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कई लोग इसे सामान्य डिजाइन का हिस्सा बता रहे थे, जबकि कुछ लोग इसके अलग-अलग राजनीतिक मायने भी निकालते दिखे। हालांकि इस संबंध में भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई और न ही यह स्पष्ट हो सका कि पोस्टरों की डिजाइन किस स्तर पर तैयार की गई थी।
कांग्रेस ने उठाए सवाल -
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम के बाद कांग्रेस ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर दिया हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने आरोप लगाया कि "महज 24 घंटे पहले कांग्रेस की सद्भावना यात्रा को प्रशासन ने धारा 163(2) का हवाला देकर बीच रास्ते में रोक दिया था। उस समय कानून-व्यवस्था का हवाला दिया गया, जबकि बुधवार को सैकड़ों वाहनों और बड़ी संख्या में भीड़ के बावजूद प्रशासन कहीं भी रोक-टोक करता नहीं दिखा। जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा कि यदि निषेधाज्ञा सभी के लिए लागू है तो उसका पालन भी सभी राजनीतिक दलों पर समान रूप से होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यक्रम को प्रतिबंधात्मक आदेश का हवाला देकर रोक दिया गया, जबकि भाजपा के कार्यक्रम में प्रशासन सहयोगी की भूमिका में दिखाई दिया। उन्होंने इसे प्रशासन का दोहरा रवैया बताते हुए निष्पक्षता पर सवाल उठाए।"




