Sonbhadra News : 6.73 करोड़ से बदलेगी तियरा स्टेडियम की तस्वीर, हॉकी टर्फ समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
जनपद के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तियरा स्टेडियम का जल्द कायाकल्प होगा। स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण पर 6.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:59 PM, July 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तियरा स्टेडियम का जल्द कायाकल्प होगा। स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण पर 6.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर खेल निदेशालय को भेज दिया है। धनराशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में तियरा स्टेडियम में खिलाड़ियों की जरूरत के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल मिल सके।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर स्टेडियम के जीर्णोद्धार का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर 6.73 करोड़ रुपये की लागत से खेल निदेशालय को भेजा गया है। बजट जारी होते ही स्टेडियम के कायाकल्प का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों के तहत पवेलियन भवन का जीर्णोद्धार, क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, वॉलीबॉल कोर्ट की फेंसिंग और सिंथेटिक फ्लोरिंग, बाउंड्रीवाल पर कंटीले तारों की फेंसिंग, दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण, छात्रावास एवं दर्शक दीर्घा का रंग-रोगन, हॉकी के लिए विश्वस्तरीय टर्फ का निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था के लिए नाली निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग की स्थापना तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक फर्नीचर की खरीद की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्टेडियम के आधुनिकीकरण से जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया अवसर मिलेगा।




