Sonbhadra News : संचारी माह अभियान के बीच छलका स्वास्थ्य कर्मियों के परिवार का दर्द, हम अपनी समस्या किससे कहें...
उनका कहना है कि हम अपनी समस्या किससे कहें दबी जुबान से स्वास्थ्य कर्मियों के परिवारों ने बताया कि उन्हें डर है कि यदि शिकायत करते हैं तो डाँट पड़ सकती है।

sonbhadra
10:21 PM, October 14, 2026
- रावर्ट्सगंज नगर की जनता बोली- अभी तक न सफाई दिखा और न हुआ फॉगिंग
- जनता बोली- शायद हाई-रिस्क नगर बनने पर दिया जायेगा ध्यान
शांतनु कुमार
सोनभद्र में 1 अक्टूबर से शुरू हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान के 14 दिन पूरे हो गए। प्रशासन द्वारा संचारी रोग अभियान के तहत कराये जा रहे कार्यों के आकड़े लगातार पेश किये जा रहे हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों के परिवार आज भी सफाई की बाट जोह रहा है। पुराने जिला अस्पताल में बने आवासीय बिल्डिंग के सामने झाड़ियों की भरमार है। स्वास्थ्य कर्मियों के परिवार गंदगी के बीच रहकर भी अपनी आवाज नहीं उठा पा रहे। उनका कहना है कि हम अपनी समस्या किसे कहें। दबी जुबान से स्वास्थ्य कर्मियों के परिवारों ने बताया कि उन्हें डर है कि यदि शिकायत करते हैं डांट पड़ सकती है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग से जरूर जुड़े हैं लेकिन रोग उन्हें भी जकड़ सकता है, इसलिए सफाई के साथ फॉगिंग जरूर करायें।
वहीं यही हाल नगर के कई तालाब और खाली पड़े प्लाटों का है, जहाँ गंदगी यह बयां कर रही है कि धरातल पर कितने काम हो रहे हैं। व्यापार मण्डल के अध्यक्ष राजेश गुप्ता का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग का संचारी माह का अभियान रावर्ट्सगंज नगर में नहीं दिख रहा, शायद प्रशासन हाई रिस्क का इंतजार कर रहा। उन्होंने बताया कि आज तक नगर में स्वास्थ्य विभाग न छिड़काव कराया और न फॉगिंग।
वहीं बीजेपी नेता प्रमोद गुप्ता ने भी संचारी माह को नगर में फ्लाप बताया। उनका कहना है कि यह अभियान कहाँ चल रहा पता ही नहीं चलता, सिर्फ प्रशासन की विज्ञप्ति में देखने को मिलता है।
वहीं सपा नेता प्रमोद यादव का कहना है कि संचारी माह के नाम पर भारी भरकम फंड खर्च तो किया जाता है लेकिन धरातल पर वह दिखता नहीं। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी है। क्या करना है स्वास्थ्य विभाग को खुद नहीं पता।




