Sonbhadra News : चौथ की रात चमका प्रीत का चांद
अखंड सौभाग्य की कामना के साथ शुक्रवार को सुहागिनों ने करवा चौथ का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया। पति की लंबी आयु की कामना के साथ महिलाओं ने निर्जल व्रत रखा। देर शाम चांद और पति का दीदार करने के बाद व्रत..

फ़ाइल फोटो....
sonbhadra
7:01 AM, October 11, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अखंड सौभाग्य की कामना के साथ शुक्रवार को सुहागिनों ने करवा चौथ का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया। पति की लंबी आयु की कामना के साथ महिलाओं ने निर्जल व्रत रखा। देर शाम चांद और पति का दीदार करने के बाद व्रत पूरा किया।गंगा मैया में जब तक ये पानी रहे, मेरे सजना तेरी जिंदगानी रहे... गीत गुनगुनाते हुए सुहागिनों ने सोलह श्रृंगार करके विधिविधान से पूजन किया और करवा चौथ की कथा सुनी। चंद्रोदय होने पर चाँद को अर्घ्य देकर सुहागिनों ने व्रत पूरा किया, इसके बाद बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। पतियों ने पत्नियों को उपहार भी दिए।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज के नगरीय क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में करवा चौथ मनाया गया। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाने वाला यह व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। पूरे दिन व्रत रहने के पश्चात शाम को भगवान शंकर, मां पार्वती, भगवान कार्तिकेय तथा भगवान गणेश के साथ चंद्र देव की पूजा पूरी श्रद्धा के साथ सुहागिनों ने किया। इस दौरान मिट्टी के बर्तन में चावल, उड़द की दाल, सिंदूर, चूड़ी, शीशा, कंघी, लाल रिबन तथा रुपये रखकर अपने से बड़ी सुहागिन महिलाओं के पैर छूकर उन्हें भेंट स्वरूप दिया। वहीं शाम को थाली में चावल, कुमकुम, दीपक, धूपबत्ती सहित अन्य पूजन सामग्री रखकर व्रत की कथा का श्रवण किया तत्पश्चात देर शाम तक पूरी तरह से चांद के निकलने पर उसे चलनी से पति का चेहरा देख अर्घ्य देकर आरती पूजन किया। इसके साथ ही पतियों ने अपनी पत्नियों को जल पिलाकर उनका व्रत पूर्ण कराया।




