Sonbhadra News : आदिवासी गांव तिलहर में गूंजेगी नशा मुक्ति की अलख, मिमिक्री के जरिए जागरूक करेंगे हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा
इसके साथ ही ग्रामीणों के सहयोग से मशाल जुलूस निकालकर गांव में घर-घर पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

sonbhadra
8:28 PM, November 13, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नशा मुक्ति संकल्प अभियान के तहत शनिवार को घोरावल ब्लॉक के आदिवासी बाहुल्य गांव तिलहर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चलेगा।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ग्रामीणों के सहयोग से मशाल जुलूस निकालकर गांव में घर-घर पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा होंगे। वे अपनी अनूठी मिमिक्री कला के माध्यम से देश के चर्चित राजनेताओं एवं विभिन्न व्यक्तित्वों की आवाज की नकल कर मनोरंजक अंदाज में ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि मनोरंजन के माध्यम से समाज को एक गंभीर संदेश दिया जाए और विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
नशा मुक्ति संकल्प अभियान के संयोजक सौरभ कांत पति तिवारी एवं अभियान प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से उक्त जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में नशे की समस्या को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार की खुशहाली और सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है।
उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
अभियान का संदेश — नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें; स्वस्थ परिवार, नशामुक्त समाज।




