Sonbhadra News : युवती को अश्लील मैसेज भेजने और निजी सामग्री वायरल करने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

sonbhadra
3:41 PM, November 16, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
० सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए कर रहा था परेशान
० गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की भी दी थी धमकी
रेणुकूट (सोनभद्र ) । सोशल मीडिया के जरिए युवती को परेशान करने, गाली-गलौज करने और निजी सामग्री वायरल करने की धमकी देने के आरोप में पिपरी पुलिस ने सोमवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को लगातार परेशान कर रहा था। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना पिपरी में एक व्यक्ति ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उसकी बहन को शरद कुमार जायसवाल पुत्र नंदन कुमार जायसवाल निवासी मुर्धवा, रेणुकूट मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार परेशान कर रहा है। आरोपी युवती के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ ही उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। इतना ही नहीं, उसकी निजी सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर सामाजिक और पारिवारिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी जा रही थी।
लगातार मिल रही धमकियों से युवती और उसके परिजन भयभीत थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पिपरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 351(3), 352 और 356(1) बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 66ई और 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव और उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह शामिल रहे।




