Sonbhadra News : सोन नदी तट पर स्थित चोपन छठ घाट का रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता भव्य एवं आकर्षक दृश्य
यही वजह रही कि जनपद के प्रमुख छठ घाटों में चोपन का घाट अपनी भव्य सजावट और बेहतर इंतजामों के चलते विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। चोपन छठ घाट की भव्यता और खूबसूरती की गूंज राजधानी लखनऊ तक पहुंची।

sonbhadra
7:01 PM, November 15, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
० सोन नदी के तट पर आस्था का महासागर, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया चोपन छठ घाट
० नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने फेसबुक पर वीडियो साझा कर की भव्य सजावट की सराहना
चोपन (सोनभद्र) । लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर जनपद में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में चोपन स्थित सोन नदी के पावन तट पर बने छठ घाट का विहंगम, दिव्य और अलौकिक नजारा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। कल-कल बहती सोन नदी की जलधारा के बीच हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। घाट पर आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
आदर्श नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली के नेतृत्व में नगर पंचायत की टीम ने छठ घाट को बेहद आकर्षक और भव्य तरीके से सजाया था। रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक विद्युत सजावट और विशाल टेंट से पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठा। व्रती महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई थी। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। यही वजह रही कि जनपद के प्रमुख छठ घाटों में चोपन का घाट अपनी भव्य सजावट और बेहतर इंतजामों के चलते विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। चोपन छठ घाट की भव्यता और खूबसूरती की गूंज प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंच गई। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने अपने फेसबुक पेज पर छठ घाट का वीडियो साझा करते हुए यहां की आकर्षक सजावट और शानदार व्यवस्थाओं की सराहना की। मंत्री द्वारा वीडियो साझा किए जाने के बाद चोपन छठ घाट की चर्चा और तेज हो गई। स्थानीय लोगों ने भी नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।
वहीं, ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। अधिकारियों की टीम घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा ले रही है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही छठ महापर्व के अवसर पर रविवार शाम चोपन छठ घाट पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें नामचीन गायक एवं कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिये। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला ।




