पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार देर रात सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गोवंशों को भरकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम ने रायपुर थाना क्षेत्र के सारसोत बैरियर पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही वाहन सवार तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों समेत एक अन्य आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास यादव (50 हजार का इनामिया), मेराज कुरैशी और विजय प्रताप यादव उर्फ वकील यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, छह गोवंश तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।