Sonbhadra News : सीएम राहत कोष से नमो घाट घटना के मृतक के परिजनों को मिली ₹5 लाख की आर्थिक सहायता
जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को विकास खण्ड नगवां के ग्राम पंचायत पडरी......

नमो घाट घटना के मृतक के परिजनों से मिलते प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल......
sonbhadra
10:00 AM, June 2, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सौंपा सहायता राशि का चेक, पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा
सोनभद्र । जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को विकास खण्ड नगवां के ग्राम पंचायत पडरी पहुंचकर नमो घाट के मृतक राजेश जायसवाल के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत ₹5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।
प्रभारी मंत्री ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देश पर वह स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे हैं, ताकि शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती के साथ खड़ी है।
रविन्द्र जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पुलिस विभाग द्वारा गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रभारी मंत्री को मामले की अद्यतन जानकारी से अवगत कराया। साथ ही पीड़ित परिवार को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को शासन की सभी पात्र योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




