Sonbhadra News : 'जनपद न्यूज Live' की खबर का दिखा असर, सीएचसी से मोबाइल चोरी का पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में सरकारी एंबुलेंस के सीयूजी मोबाइल, निजी मोबाइल तथा अस्पताल परिसर में हुई चोरी की घटना को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद जनपद न्यूज Live की खबर का असर देखने......

गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में मोबाइल चोर.....
sonbhadra
6:35 PM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सीसीटीवी और 'यक्ष' ऐप की मदद से शातिर चोर गिरफ्तार, 9 मोबाइल व 2 लैपटॉप बरामद
सोनभद्र । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में सरकारी एंबुलेंस के सीयूजी मोबाइल, निजी मोबाइल तथा अस्पताल परिसर में हुई चोरी की घटना को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद जनपद न्यूज Live की खबर का असर देखने को मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए दुद्धी पुलिस ने महज चंद घंटों के भीतर कार्यवाही करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं 2 लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्यवाही को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को सरकारी अस्पताल दुद्धी से तीन सरकारी मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना पर थाना दुद्धी में मु0अ0सं0-203/2026 धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध की पहचान 'यक्ष (Yaksh)' ऐप के माध्यम से सुन्द्रेश कुमार उर्फ जादूगर उर्फ बमबम निवासी ग्राम बीडर, थाना दुद्धी के रूप में हुई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रजखड़ तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी के 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 317(4) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न थानों में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, हेड कांस्टेबल मोहम्मद खालिद खान, सर्वेश सिंह, भागीचंद्र तथा आरक्षी तेज प्रकाश मौजूद रहे।




