Sonbhadra News : प्रांतीय खण्ड की सड़क का हाल, बनते ही सड़कों में आने लगी दरार व लगी उखड़ने
अधिकारी किस तरह योगी सरकार को पलीता लगाने में जुटे हुए हैं इसकी बानगी आपको इस तस्वीर में नजर आ जायेगी ।

क्षतिग्रस्त चोपन-भरहरी मार्ग
sonbhadra
10:49 AM, December 28, 2024
शान्तनु कुमार/घनश्याम पांडेय
■ लोगों ने कहा, फिर से रिपेयर हो पूरी सड़क
■ चोपन-भरहरी मार्ग का मामला
■ लोगों ने कहा, सिर्फ रिपेयर नहीं कार्यवाही भी हो जिम्मेदारों पर
■ अपने कारनामों को लेकर हमेशा से सुर्खियों में रहा है प्रांतीय खण्ड
चोपन (सोनभद्र) । अधिकारी किस तरह योगी सरकार को पलीता लगाने में जुटे हुए हैं इसकी बानगी आपको इस तस्वीर में नजर आ जायेगी ।
दरअसल चोपन से भरहरी की सड़क पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खण्ड से बनाया गया । सड़क बनते समय स्थानीय लोगों में खुशी साफ देखी जा रही थी । उन्हें लगा कि कम से कम सरकार ने दुरूह क्षेत्र के बारे में भी चिंता की। लेकिन सड़क बनने के एक महीने बाद ही सड़क जगह - जगह से फटने लगी । आलम यह हैं कि हर दिन सड़क की दुर्दशा देखने को मिल रही है । अब जब स्थानीय लोग प्रांतीय खण्ड के जेई से फोन पर शिकायत कर रहे हैं तो उनका कहना है कि देखते हैं, ठीक कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक महीने के भीतर सड़क का यह हाल है तो रिपेयर के बाद भी कितने दिन चल सकेगा । लोगों ने कहा कि प्रशासन को पूरी सड़क की फिर से रिपेयर करना चाहिए । आपको बतादें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब पीडब्ल्यूडी विभाग के भ्रष्टाचार की पोल खुल रही है । इसके पहले भी चाहे दुद्धी का मामला हो या फिर बभनी या चोपन की सड़क का, विभाग की पोल खुल चुकी है । लेकिन हर बार विभाग दोबारा रिपेयर करके मामले को रफादफा कर देता है । प्रशासन की तरफ से कभी भी ठेकेदार या जेई के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं की गई । शायद यही कारण है कि ठेकेदार व जेई मनमानी तरीके से काम करके निकल जाते हैं, जिसका खामियाजा बाद में जनता को भुगतना पड़ता है ।




