Sonbhadra News : बारिश थमी तो शहर ने ओढ़ी कोहरे की चादर
सोनाँचल में शनिवार को हुई बारिश के बाद आज सुबह की शुरुआत कोहरे से हुई। पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा हुआ नजर आया। कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई। वहीं न्यूनतम तापमान गिर कर 11.2 डिग्री..

sonbhadra
10:23 PM, December 29, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सोनाँचल में शनिवार को हुई बारिश के बाद आज सुबह की शुरुआत कोहरे से हुई। पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा हुआ नजर आया। कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई। वहीं न्यूनतम तापमान गिर कर 11.2 डिग्री पर पहुँच गया।
रविवार क़ो सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा। आज सुबह जब लोगों की नींद खुली तो बाहर घना कोहरा देखने को मिला। रॉबर्ट्सगंज और आस-पास के इलाके में दृश्यता 30 से 40 मीटर तक सीमित रही, जिससे वाहनों की रफ्तार कम हो गई। वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलाना पड़ा। शहर में कोहरे का असर सुबह नौ बजे तक बना रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 10 बजे के बाद तक कोहरा बना रहा। वहीं पछुआ हवा चलने से ठंड बढ़ गई है। सर्दी से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है।
अब और बढ़ेगी सर्दी -
मौसम वैज्ञानिक ने रविवार और सोमवार को एक बार फिर मौसम शुष्क रहने का अनुमान हैं लेकिन इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का यलो अलर्ट जारी किया गया है. दो दिन बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। उत्तर-पश्चिमी यूपी को छोड़कर अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
किसानों के चेहरे खिले, गेहूं को होगा फायदा -
शनिवार को दिन में हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। मधुपुर, शाहगंज, चुर्क, चतरा, रामगढ़ आदि ग्रामीण इलाके में बारिश देखकर किसान खुश हो गए। किसानों का कहना है कि इस समय बारिश से उनकी गेहूं की फसल को फायदा होगा। अगर एक दो दिन तक इसी तरह बारिश होती है तो उनकी फसल अच्छी होगी साथ ही चना, सरसों, मटर की फसल के लिए यह मौसम उपयोगी होगा।




