Sonbhadra News : नौतपा में तप रहा शहर, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
सोमवार से नौतपा का भी असर शुरू हो गया है, जो आगामी 2 जून तक जारी रहेगा। इन नौ दिनों में भीषण गर्मी का दौर चरम पर रहने की आशंका है। इन दिनों सूर्य देव के तीखे तेवरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
8:11 PM, May 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सोमवार से नौतपा का भी असर शुरू हो गया है, जो आगामी 2 जून तक जारी रहेगा। इन नौ दिनों में भीषण गर्मी का दौर चरम पर रहने की आशंका है। इन दिनों सूर्य देव के तीखे तेवरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। वहीं दोपहर के समय आसमान से बरसती आग के कारण मुख्य बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसर हुआ है। राहगीरों के लिए सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। आसमान से बरसती आग और भीषण लू (हीटवेव) के कारण लोग डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। हालात यह हैं कि मेडिकल कॉलेज और निजी क्लीनिकों में मरीजों की भारी भरमार देखने को मिल रही है। वहीं डॉक्टरों ने इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने और बेहद जरूरी होने पर ही दोपहर में बाहर निकलने की सलाह दी है।
आसमान से बरस रही आग, घरों में कैद होने को मजबूर लोग -
सोमवार को नौतपा के पहले ही दिन तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि दूसरे दिन अधिकतम तापमान कुछ कमी दर्ज की गई। मंगवाल को अधिकतम तापमान 43.2 व न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके चलते लोग पूरे दिन गर्मी से बेहाल रहे। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। आसमान से बरसती आग और दिनभर चल रही गर्म हवाओं के कारण दोपहर में मुख्य बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा। गर्मी के रौद्र रूप ने जिले के आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह होते ही सूरज के तेवर तीखे हो जाते हैं और दोपहर होते-होते गर्म थपेड़े लोगों को झुलसाने लगते हैं। स्थिति यह है कि जरूरी काम न होने पर लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वहीं बढ़ते पारे के साथ-साथ अब जिले में रातें भी बेहद गर्म होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण रात के समय भी उमस और बेचैनी बनी रहती है।
बिजली कटौती बनी मुसीबत -
इस जानलेवा गर्मी के बीच स्थानीय निवासियों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बिजली की अघोषित कटौती बनी हुई है। अघोषित और लंबी बिजली कटौती के चलते लोगों का घरों में बैठना मुहाल हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि बार-बार कट लगने से घरों में लगे इनवर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे पीने के पानी का संकट भी गहराने लगा है। भीषण गर्मी और बिजली-पानी की किल्लत ने आम जनता की रातों की नींद और दिन का चैन छीन लिया है।




