Sonbhadra News : रामजन्म लीला के मार्मिक मंचन से दर्शक हुए भावविभोर
महुली के राजा बरियार शाह खेल मैदान पर आयोजित हो रहे श्रीरामलीला के दूसरे दिन रामजन्म लीला का मंचन ने दर्शकों का मन मोह लिया

सोनभद्र
10:05 AM, October 10, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। श्री राजा बरियार शाह रामलीला समिति महुली के तत्वाधान में रामलीला के दूसरे दिन शुक्रवार की रात्रि प्रार्थना व आरती के साथ लीला का शुभारंभ किया गया। इस दौरान रामलीला मंचन में राम जन्म की लीला दिखाई गई।
प्रथम दृश्य में रावण और अन्य राक्षसों के अत्याचार से कराह रही पृथ्वी को अत्याचार मुक्त करने हेतु देवता गण भगवान विष्णु से अवतार लेने की प्रार्थना करते हैं। राजा दशरथ के कोई पुत्र न होने के कारण अपने कुल गुरु वशिष्ट के पास जाना तथा गुरु वशिष्ठ के कहने पर श्रृंगी ऋषि द्वारा शुभ पुत्र कामेष्टी यज्ञ कराए जाने की लीला का मार्मिक मंचन किया गया। यज्ञ के उपरांत कुंड से अग्नि देवता का प्रकट होकर खीर प्रदान करना राजा दशरथ द्वारा तीनों रानियां कौशल्या,कैकैई और सुमित्रा को खीर प्रदान करना।
इस बीच मंच पर संगीत "भए प्रकट कृपाला दीन दयाला, कौशल्या हितकारी "गूँजने लगता है।
वहीं माता कौशल्या कहती है हे !तात आप यह विराट रूप त्याग बाल रूप में दर्शन दें। विष्णु अंतर्ध्यान होते हैं और बाल रूप में दर्शन देते हैं। अगले दृश्य में राम जन्म के समाचार से राजा दशरथ सहित संपूर्ण अयोध्या में खुशी छा जाती है।भगवान राम के साथ तीनों भाइयों के जन्म लेते ही राजा दशरथ और रानी कौशल्या बड़े ही उत्साहित होते हैं। बाल स्वरूप भगवान राम से मिलने भगवान शंकर योगी का भेष से बनकर आते हैं और इसके बाद चारों भाइयों का नामकरण गुरु वशिष्ठ द्वारा किया जाता है। तत्पश्चात् भगवान राम लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न गुरु वशिष्ट के आश्रम में शिक्षा दीक्षा के लिए प्रस्थान करते हैं। भगवान राम की बाल लीला का मार्मिक मंचन देख दर्शन मंत्र मुग्ध हो जाते हैं।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष व ग्राम प्रधान अरविन्द जायसवाल, जितेन्द्र जौहरी, वीरेंद्र कन्नौजिया समेत सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।




