Sonbhadra News : देशभक्ति के रंग में रंगा 'दी आर्यांस एकेडमी', नन्हे छात्रों ने शहीदों की शौर्यगाथा को किया जीवंत
संत नगर स्थित दी आर्यांस एकेडमी परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनोद कुमार...

प्रभात फेरी निकालते 'दी आर्यंस एकेडमी' के छात्र और शिक्षकगण........
sonbhadra
10:01 AM, August 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । संत नगर स्थित दी आर्यांस एकेडमी परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनोद कुमार जालान ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, सरदार वल्लभभाई पटेल सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विद्यार्थियों ने ‘देश रंगीला’, ‘इंडिया वाले’, ‘वतन याद करेगा’, ‘हम सब हिंदुस्तानी’ और ‘तेरी गंगा बहती रहे’ जैसे देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की जोशीली और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम का ऐसा वातावरण बना दिया कि उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या चित्रा जालान ने सभी छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों के सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।
वहीं विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनोद कुमार जालान ने विद्यार्थियों को अपनी परंपरा और संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में हम कितनी भी उन्नति क्यों न कर लें, हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और संस्कारों को कभी नहीं भूलना चाहिए। संस्कार ही व्यक्ति को सही दिशा प्रदान करते हैं और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं प्रियंका चौबे, सुषमा पांडेय, निशा चौबे, प्रतिमा चौबे, सुमन जायसवाल, यासमीन, नेहा पांडेय, अपर्णा जायसवाल, पूजा, काजल तथा शिक्षक उमाकांत दुबे, महेश त्रिपाठी, योगेश नारायण, तिलक दीक्षित, हरिओम पांडे, धर्मेंद्र पांडे सहित विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




