Sonbhadra News : श्रावण मास मेले को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के प्रशासन पूरी तरह सक्रिय
श्रावण मास मेले को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने शिवद्वार पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

sonbhadra
8:06 PM, July 26, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । आगामी श्रावण मास मेले को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में रविवार शाम विद्युत विभाग के अधिकारियों ने शिवद्वार धाम पहुंचकर मेला परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र तथा श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग का जायजा लेकर विद्युत व्यवस्थाओं का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और पुजारियों को बताया कि श्रावण मास के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मंदिर परिसर में तीन विशेष ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा आवश्यक स्थानों पर 10 केवी के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे तथा बिजली के पोल और तारों को सुरक्षित बनाया जाएगा, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने बताया कि रास्ते में स्थित ट्रांसफार्मरों को कवर किया जाएगा, ताकि मवेशियों या आम लोगों के संपर्क में आने से कोई जनहानि न हो। साथ ही हाईवोल्टेज बिजली के खंभों के नीचे दुकानें न लगाने की अपील भी की गई। मंदिर परिसर की विद्युत वायरिंग की जांच कर उसे सुरक्षित एवं कवर करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए विशेष बॉक्स लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से वायरिंग को सुरक्षित रखा जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास मेले के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण से पहले अधिकारियों ने बाबा उमा महेश्वर के दरबार में मत्था टेककर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी सुरेश गिरी, अजय गिरी, रमाकांत दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




