Sonbhadra News : सिंदुरिया में बेखौफ चोरों का आतंक, घर के बाहर खड़ी बाइक और जनरेटर का अल्टीनेटर उड़ाया
थाना चोपन क्षेत्र के ग्राम सिंदुरिया में चोरों ने बीती रात एक घर को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। रात करीब दो बजे घर में परिवार के लोग सो रहे थे, इसी दौरान चोर.......

sonbhadra
1:55 PM, August 8, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
• चोरों ने पिछले 10-15 दिनों में कई घरों को बनाया निशाना
• बेखौफ चोर लगातार घटना को अंजाम देकर पुलिस को दे रहे खुलेआम चुनौती
चोपन । थाना चोपन क्षेत्र के ग्राम सिंदुरिया में चोरों ने बीती रात एक घर को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। रात करीब दो बजे घर में परिवार के लोग सो रहे थे, इसी दौरान चोर बरामदे में रखी मोटरसाइकिल उठा ले गए और जनरेटर का अल्टीनेटर भी खोलकर अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी, जिससे परिवार के लोग काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
दरवाजा खोला तो बाहर से बंद मिली कुंडी -
ग्राम सिंदुरिया निवासी अशोक मिश्रा पुत्र स्वर्गीय त्रिभुवन राम मिश्रा के घर में परिवार के लोग रात में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि करीब दो बजे अशोक मिश्रा की नींद खुली और वह बाथरूम जाने के लिए उठे। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने आवाज देकर परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने घर के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी थी।
घर से निकले तो गायब मिली बाइक और अल्टीनेटर -
परिवार के लोगों ने किसी तरह घर के पीछे का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। बाहर आने पर बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल गायब मिली। वहीं पास में रखा जनरेटर भी मौजूद था, लेकिन उसका अल्टीनेटर चोर खोलकर ले जा चुके थे। घटना की जानकारी तत्काल चोपन पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से वारदात की जानकारी ली।
सुबह खेत में मिली चोरी गई बाइक -
चोरी की घटना के बाद सुबह किसी व्यक्ति की नजर घर से कुछ दूरी पर नदी की तरफ खेत में पड़ी एक मोटरसाइकिल पर गई। जानकारी होने पर पीड़ित परिवार मौके पर पहुंचा तो बाइक उनकी ही निकली। हालांकि बाइक से जनरेटर का अल्टीनेटर गायब था। आशंका जताई जा रही है कि चोर बाइक को कुछ दूर ले जाने के बाद उसे नदी की ओर खेत में छोड़कर फरार हो गए।
10-15 दिनों से लगातार चोरियों से ग्रामीण परेशान -
ग्रामीणों का कहना है कि सिंदुरिया क्षेत्र में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले करीब 10 से 15 दिनों के दौरान क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं होने की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटनाओं के बावजूद अभी तक चोरी के मामलों का अपेक्षित खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है।
रात्रि गश्त पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश -
ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्षेत्र में रात के समय पुलिस की नियमित और प्रभावी गश्त होती तो चोरों के हौसले इस तरह बुलंद नहीं होते। घर में सो रहे लोगों को बाहर से बंद कर बेखौफ तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों की मांग, जल्द हो चोरी की घटनाओं का खुलासा -
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से पूर्व की वारदातों का जल्द खुलासा करने, चोरी में शामिल गिरोह या आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं और आने वाले दिनों में कोई बड़ी वारदात हो सकती है।
फिलहाल जांच में जुटी पुलिस -
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। लगातार चोरी की घटनाओं के बीच अब ग्रामीणों की निगाह पुलिस की कार्यवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हुई है।




