Sonbhadra News : शिक्षकों ने भ्रष्टाचार सहित कई अन्य आरोप लगा किया लेखाधिकारी कार्यालय का घेराव
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय परिसर में आज बड़ी संख्या में शिक्षक उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले एकत्रित हुए। जहां शिक्षकों ने....

sonbhadra
10:20 PM, January 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय परिसर में आज बड़ी संख्या में शिक्षक उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले एकत्रित हुए। जहां शिक्षकों ने लेखाधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि दिव्यांग शिक्षकों का इंक्रीमेंट बीएसए के आदेश के बाद भी नहीं दिया जा रहा है बल्कि आपत्ति लगाकर उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। शिक्षकों ने छह सूत्रीय मांगे पूर्ण न होने की दशा में अनवरत धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पांडेय ने बताया कि "शिक्षकों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र का उपयोग नहीं कर रहे हैं, जिससे शिक्षकों को बार-बार परेशान किया जा रहा है।दिव्यांग शिक्षकों का एक इंक्रीमेंट 5 से 7 अध्यापकों का रोका गया है, जिसका निस्तारण अभी तक नहीं हुआ है। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें अधिकारी कार्यालय से बार-बार आश्वासन मिल रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।"
पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ मंडल अध्यक्ष रविभूषण सिंह जी ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं और बिना पैसे लिए उनके काम नहीं किए जा रहे हैं।
शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी पर भी पद का दुरुपयोग कर शिक्षकों को परेशान करने का आरोप लगाया। उनका यह भी आरोप है कि नियुक्ति अधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर के बाद भी भुगतान नहीं हो रहा है, जबकि यह उनका कर्तव्य है।
शिक्षकों ने मांग की है कि उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए और उन्हें उनका हक दिलाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करना बंद नहीं करेंगे, तब तक शिक्षकों की समस्याएं दूर नहीं होंगी।
वही शिक्षकों ने चेताया कि यदि उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले समय में वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे चाहे उसके लिए कार्यालय पर ताला लगाना ही क्यों ना पड़े।
वहीं शिक्षकों के धरना के दौरान लेखाधिकारी अजय कुमार यादव मौके से गायब हो गए, वहीं उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया ।




