Sonbhadra News : टीचर की बड़ी लापरवाही आयी सामने, स्कूल छुट्टी के बाद भी कमरे में बंद रह गयी एक छात्रा
तहसील क्षेत्र के एक विद्यालय में शिक्षकों की लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे । पढ़िए पूरी खबर ।

sonbhadra
10:52 PM, September 6, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
- लगभग एक घण्टे बाद ग्रामीणों ने ताला तोड़कर बच्ची को निकाला बाहर
- घोरावल क्षेत्र के विसुंधरी उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट विद्यालय) का मामला
घोरावल (सोनभद्र) । तहसील क्षेत्र के एक विद्यालय में शिक्षकों की लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे ।
विद्यालय पढ़ने गई कक्षा 2 की छात्रा विद्यालय की छुट्टी होने के बाद भी लगभग एक घंटे तक कमरे में बंद रह गई। अध्यापक विद्यालय का कक्ष और मुख्य गेट बंद करवा कर अपने घर पर चले गए थे। रोने व शोर की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए तब जाकर छात्रा को बंद कमरे से बाहर निकाला गया।
ग्राम प्रधान से मिली जानकारी के मुताबिक विसुंधरी उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट विद्यालय) में कक्षा 2 में पढ़ने वाली छात्रा साधना पुत्री जन्मेजय यादव छुट्टी होने के बाद भी घर नहीं पहुंची तो घर वाले चिंतित हो उठे लेकिन उन्हें लगा कि छोटी बच्ची है किसी बच्चे के साथ खेल रही होगी, आ जायेगी। इसी बीच खिड़की से एक छात्रा की रोने की आवाज सुनाई पड़ने लगी। आसपास रहने वाले घर के लोगों ने जब आवाज सुनी तो विद्यालय के कमरे की ओर ध्यान दिया तो बेंच पर बैठकर साधना रोती नजर आयी और बाहर निकालने के लिए शोर मचा रही थी। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मामले की जानकारी के बाद पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार पाल भी मौके पर पहुंचे। फिर पूरे घटनाक्रम की सूचना अध्यापकों को दी गई। सभी अध्यापक घर चले गाए थे जिससे छात्रा को निकालने में देर हो रही थी । साधना के रोने की स्थिति को देखते हुए पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार पाल ने एक बार फिर अध्यापक से संपर्क साधा, जिस पर अध्यापक ने फोन पर कहा कि मुझे पहुचने में समय लग सकता है इसलिए ताला तोड़कर छात्रा को बाहर निकाल दीजिए। जिसके बाद पास के ही एक युवक ने वहां उपस्थित सभी की मौजूदगी में ताला तोड़कर छात्रा साधना को बाहर निकाला । बताया जा रहा है कि छात्रा रोती और बदहवास स्थिति में बाहर आई । वह काफी डरी व सहमी थी । जिसके बाद उसे उसके घर पहुंचा दिया गया।




