Sonbhadra News : शिक्षक प्रशांत मणि त्रिपाठी का निधन, अनपरा कॉलोनी में शोक की लहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशांत मणि त्रिपाठी गुरुवार की रात भोजन करने के बाद अनपरा कॉलोनी स्थित टाइप थर्ड आवास में सोने चले गए ।

sonbhadra
3:54 PM, November 20, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा थाना क्षेत्र के अनपरा कॉलोनी आवासीय परिसर में एक निजी विद्यालय के हिंदी शिक्षक प्रशांत मणि त्रिपाठी (50 वर्ष) का शव उनके आवास के कमरे में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशांत मणि त्रिपाठी गुरुवार की रात भोजन करने के बाद अनपरा कॉलोनी स्थित टाइप थर्ड आवास में सोने चले गए । शुक्रवार की भोर में जब उनकी पत्नी श्वेता त्रिपाठी ने कमरे का दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाई और काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो आसपास के लोगों को सूचना दी गई। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
सूचना पर पहुंची अनपरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की पत्नी श्वेता त्रिपाठी भी उसी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। इस दुखद घटनाक्रम से शिक्षा जगत और अनपरा क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




