Sonbhadra news : मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
नगर पंचायत चोपन कार्यालय परिसर में सोमवार को राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

sonbhadra
4:16 PM, May 4, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन/सोनभद्र। नगर पंचायत चोपन कार्यालय परिसर में सोमवार को राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजन जायसवाल, घनश्याम चौधरी और राजेश अग्रहरी ने सभासद पद की शपथ ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और विकास कार्यों को प्राथमिकता दें। शपथ दिलाने की प्रक्रिया उपजिलाधिकारी प्रदीप यादव द्वारा संपन्न कराई गई। उन्होंने सभासदों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि मनोनीत सभासद संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने सभी नव-नामित सभासदों का स्वागत करते हुए कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से विकास कार्यों में और गति आएगी।
कार्यक्रम का संचालन सभासद दिव्य विकास सिंह ने किया। इस मौके पर अधिशाषी अधिकारी अखिलेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय केशरी, ब्लाक प्रमुख मान सिंह गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने नवनियुक्त सभासदों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।




