Sonbhadra news : प्रेम विवाह के आठ माह बाद गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव
ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला में शनिवार को 22 वर्षीय गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

sonbhadra
9:00 PM, August 1, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला में शनिवार को 22 वर्षीय गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव किराये के मकान में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान प्रियंका यादव (22) पत्नी संजय यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से डाला की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि प्रियंका और संजय ने करीब आठ माह पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले दो महीने से भलुआ टोला में किराये के मकान में रह रहे थे। संजय ओबरा परियोजना में मजदूरी करता है। परिजनों के अनुसार प्रियंका चार माह की गर्भवती थी।
मृतका की बहन आरती ने आरोप लगाया कि शनिवार दोपहर भोजन के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनका कहना है कि दोनों के बीच पहले भी अक्सर झगड़े होते थे और पति द्वारा प्रियंका को छोड़ने तथा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरती के मुताबिक उन्होंने दोनों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद संजय ड्यूटी पर चला गया। कुछ देर बाद खिड़की से देखने पर प्रियंका फंदे से लटकी दिखाई दी।
घटना के बाद परिजन तत्काल प्रियंका को ओबरा परियोजना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सक के अनुसार महिला को अस्पताल लाने वाले व्यक्ति ने पहले छत से गिरने की बात कही थी, लेकिन परीक्षण में शरीर पर गिरने जैसी कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली। गले पर फंदे का निशान मिलने और मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।




