Sonbhadra news : बेंगलुरु में मजदूरी करने गए युवक की संदिग्ध मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
थाना जुगैल क्षेत्र के जोरबा टोला निवासी 36 वर्षीय मजदूर तोपा सिंह खरवार की कर्नाटक के बेंगलुरु में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

sonbhadra
8:26 PM, August 17, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
जुगैल, (सोनभद्र)। थाना जुगैल क्षेत्र के जोरबा टोला निवासी 36 वर्षीय मजदूर तोपा सिंह खरवार की कर्नाटक के बेंगलुरु में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। शव गांव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के मुताबिक तोपा सिंह खरवार पुत्र रामदेव खरवार बीते 23 जुलाई को मजदूरी के लिए बेंगलुरु गए थे। वहां वह केसी कंपनी में काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि अभी तक मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मृतक अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है और घर की रोजमर्रा की जरूरतें उनकी मजदूरी से ही पूरी होती थीं। कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों ने मामले की उचित जांच कराने और कंपनी की ओर से आर्थिक सहयोग दिलाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।




