Sonbhadra News : सूरत कमाने गए युवक की संदिग्ध मौत, शव गांव पहुँचते ही मचा कोहराम
गुजरात के सूरत शहर में एक प्लांट में मजदूरी का काम करता था युवक

सोनभद्र
9:59 PM, March 1, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवाल निवासी 20 वर्षीय बालकृष्ण गोड़ पुत्र गौरीशंकर गोड़ की गुजरात के सूरत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। होली जैसे खुशियों के पर्व से ठीक पहले आई इस दुखद खबर ने गांव का माहौल गमगीन कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालकृष्ण रोजी-रोटी कमाने के लिए गुजरात के सूरत शहर में एक प्लांट में मजदूरी का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि बीते 26 फरवरी 2026 को शाम लगभग 5 बजे मजदूरी के भुगतान को लेकर प्लांट के मजदूर हड़ताल पर बैठे थे। इसी दौरान मजदूरों और प्रशासन के बीच कहासुनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और हंगामा शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी अफरा-तफरी के बीच बालकृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 1 मार्च को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक का पार्थिव शरीर सूरत से ग्राम पंचायत केवाल लाया गया, जहां दोपहर लगभग 3 बजे शव पहुंचते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। होली की तैयारियों में जुटा गांव पल भर में मातम में डूब गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।कंपनी की ओर से ग्राम प्रधान को आश्वासन दिया गया है कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने पर नियमानुसार मुआवजा मृतक के उत्तराधिकारी को दिया जाएगा।
ग्राम प्रधान दिनेश कुमार यादव ने कहा कि वह परिवार के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे और हर संभव सहयोग करेंगे।ग्राम पंचायत केवाल के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बालकृष्ण गोड़ का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार किया गया। गांव के लोगों की आंखें नम हैं और हर कोई इस असमय हुई मौत को लेकर व्यथित है।



