Sonbhadra News : स्वास्थ्य विभाग की 'सर्जिकल स्ट्राइक', निजी अस्पतालों का 'इलाज' शुरू, एक दर्जन से अधिक हॉस्पिटलों और लैब पर कार्यवाही से मचा हड़कंप
जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने आज 'सर्जिकल स्ट्राइक' की है। जिलाधिकारी चर्चित गोंड के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
8:22 PM, July 29, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने आज 'सर्जिकल स्ट्राइक' की है। जिलाधिकारी चर्चित गोंड के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रॉबर्ट्सगंज और घोरावल क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले एक हॉस्पिटल को सीज करते हुए कई अस्पतालों के ओपीडी और ऑपरेशन थियेटर (ओटी) पर ताला जड़ दिया। एक साथ हुई इस बड़ी कार्यवाही से निजी स्वास्थ्य संस्थानों में हड़कंप मच गया और कई संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में निजी हॉस्पिटल पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव, एसीएमओ डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद और MOIC केकराही डॉ0 गुरु प्रसाद के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने रॉबर्ट्सगंज और घोरावल में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। विशेष जांच के दौरान घोरावल स्थित कलावती क्लीनिक, विश्वास हॉस्पिटल, हेल्थ केयर हॉस्पिटल तथा सम्राट हॉस्पिटल के ओपीडी एवं ऑपरेशन थियेटर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। वहीं अवैध तरीके से संचालित रॉबर्ट्सगंज स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल को सीज कर दिया गया साथ ही सीटी हॉस्पिटल और गुड हेल्थ हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर मानकों का पालन न करने पर सील कर दिए गए। इसके अतिरिक्त रॉबर्ट्सगंज स्थित धनवंतरी हॉस्पिटल, आशीर्वाद हॉस्पिटल, कृष्णा हॉस्पिटल, न्यू यथार्थ हॉस्पिटल, ओम हॉस्पिटल तथा ओम हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर को गंभीर कमियों के चलते नोटिस जारी किया गया है। इन संस्थानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में स्पष्टीकरण और सभी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है साथ ही संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
निजी अस्पतालों के साथ-साथ पैथोलॉजी केंद्रों पर भी स्वास्थ्य विभाग का डंडा चला। जांच के दौरान शाहगंज स्थित न्यू अंशिका पैथोलॉजी, घोरावल स्थित डॉ0 लाल पैथोलॉजी तथा निशान हॉस्पिटल के सामने संचालित पैथोलॉजी, रॉबर्ट्सगंज को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा लाइफ लाइन हॉस्पिटल, उरमौरा के विरुद्ध भी सील की कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि "यह सिर्फ शुरुआत है। बिना वैध पंजीकरण, निर्धारित मानकों और आवश्यक सुविधाओं के मरीजों का इलाज करने वाले किसी भी अस्पताल, क्लीनिक या पैथोलॉजी केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "जनता की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के लिए जनपद में अब कोई जगह नहीं है। बिना मानक और बिना अनुमति संचालित अस्पतालों पर लगातार छापेमारी होगी और दोषी पाए जाने पर सीलिंग, नोटिस, पंजीकरण निरस्तीकरण सहित अन्य कानूनी कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि इलाज केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों में ही कराएं, ताकि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।"




