Sonbhadra News : ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक सदाशिव राय का निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर, दी गई श्रद्धांजलि
सदाशिव राय 1 अगस्त 1989 को आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे। लंबे सेवाकाल के दौरान पदोन्नति पाकर उपनिरीक्षक बने। वह मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी थे।

sonbhadra
6:48 PM, November 17, 2026
शांतनु विश्वास/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। शक्तिनगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक सदाशिव राय का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक सीने में दर्द उठने से निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
दिवंगत उपनिरीक्षक का पार्थिव शरीर श्रद्धांजलि के लिए पुलिस लाइन चुर्क लाया गया। यहां पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा समेत पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उनके सेवाकाल और विभाग के प्रति योगदान को याद करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि सदाशिव राय 1 अगस्त 1989 को आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे। लंबे सेवाकाल के दौरान पदोन्नति पाकर उपनिरीक्षक बने। वह मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी थे।
सोनभद्र पुलिस परिवार ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।




