Sonbhadra News : चोपन पुलिस की कड़ी हिदायत: होली पर डीजे पर अश्लील गाने और शोर बर्दाश्त नहीं, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई- चोपन इंस्पेक्टर
प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के डीजे जब्त किए जा सकते हैं और संचालकों पर भारी जुर्माना या जेल की कार्रवाई भी हो सकती है।

sonbhadra
7:01 PM, February 27, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। आज चोपन थाना परिसर में आगामी होली के त्यौहार को लेकर क्षेत्र के समस्त डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था और जन-स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक के मुख्य दिशा-निर्देश :
अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध: त्यौहार के दौरान डीजे पर किसी भी प्रकार के अश्लील या भड़काऊ गाने बजाना सख्त वर्जित है। यदि कहीं भी मर्यादा का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मरीजों और बुजुर्गों का रखें ध्यान: अधिकारियों ने हिदायत दी कि लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानक से अधिक न हो। अत्यधिक शोर के कारण यदि किसी हार्ट पेशेंट (हृदय रोगी) या अन्य किसी बीमार व्यक्ति को समस्या होती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी डीजे संचालक की होगी।
हाइट का रखें विशेष ख्याल: डीजे वाहन की ऊंचाई अत्यधिक नहीं होनी चाहिए। बिजली के तारों और सड़कों पर सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्देश दिया गया है कि ऊंचाई तय मानकों के भीतर ही रहे।
होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के डीजे जब्त किए जा सकते हैं और संचालकों पर भारी जुर्माना या जेल की कार्रवाई भी हो सकती है। बैठक का मुख्य उद्देश्य होली के पर्व को आपसी सौहार्द और शांति के साथ संपन्न कराना है।




