Sonbhadra News : प्रदूषण फैलाने वाले क्रशर प्लांटों और कंपनियों के विरुद्ध होगी कड़ी कार्यवाही - डीएम
जनपद में लगातार बढ़ रहे डस्ट प्रदूषण और लोगों को हो रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी..

sonbhadra
2:45 PM, May 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डस्ट प्रदूषण पर डीएम का बड़ा एक्शन, अब प्रतिदिन चलेगी स्मोक गन
सोनभद्र । जनपद में लगातार बढ़ रहे डस्ट प्रदूषण और लोगों को हो रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने डस्ट प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर पंचायत डाला, ओबरा एवं अनपरा के अत्यधिक धूल प्रभावित इलाकों में प्रतिदिन स्मोक गन के माध्यम से नियमित जल छिड़काव कराने का निर्णय लिया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि यह अभियान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक लगातार संचालित किया जाए, ताकि आमजन को उड़ती धूल और प्रदूषण से राहत मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित पानी के छिड़काव, साफ-सफाई और निर्माण कार्यों में प्रदूषण नियंत्रण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (आर0ओ0 यू0पी0पी0सी0बी0) को नगर पंचायतों द्वारा किए जा रहे छिड़काव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए साथ ही जनपद में संचालित कंपनियों, क्रशर प्लांटों और औद्योगिक इकाइयों का नियमित निरीक्षण करने के आदेश भी दिए।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले क्रशर प्लांटों और कंपनियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा यदि कहीं भी फ्लाई ऐश सड़क किनारे अनाधिकृत तरीके से फेंकी हुई पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी आर0के0 सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




