Sonbhadra News : चाइनीज और सिंथेटिक मांझे पर सख्ती, व्यापारियों को किया गया जागरूक
जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चाइनीज, सिंथेटिक एवं सीसा लेपित मांझे के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से शनिवार को राज्य कर विभाग द्वारा रॉबर्ट्सगंज स्थित राज्य कर........

sonbhadra
5:17 PM, July 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• राज्य कर विभाग की व्यापारी संवाद बैठक में प्रतिबंधित मांझे के निर्माण, बिक्री व उपयोग पर रोक को लेकर हुई चर्चा
सोनभद्र। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चाइनीज, सिंथेटिक एवं सीसा लेपित मांझे के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से शनिवार को राज्य कर विभाग द्वारा रॉबर्ट्सगंज स्थित राज्य कर कार्यालय, बालाजी टावर, उरमौरा में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों, अधिवक्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में अधिकारियों ने शासन एवं राज्य कर मुख्यालय के निर्देशों के साथ ही माननीय उच्च न्यायालय, लखनऊ खंडपीठ द्वारा जनहित याचिकाओं में पारित आदेशों की जानकारी देते हुए कहा कि चाइनीज और सिंथेटिक मांझा आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों, पशु-पक्षियों तथा विद्युत व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। ऐसे घातक मांझे से हर वर्ष कई दुर्घटनाएं और जनहानि की घटनाएं सामने आती हैं।
अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील किया कि वे प्रतिबंधित मांझे का निर्माण, भंडारण अथवा विक्रय न करें और यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित प्रशासनिक विभाग को सूचित करें। साथ ही ग्राहकों एवं आम नागरिकों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने बताया कि उनके प्रतिष्ठानों पर चाइनीज या सिंथेटिक मांझे की खरीद-बिक्री नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ऐसे प्रतिबंधित उत्पाद मुख्य रूप से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहे हैं। व्यापारियों ने ऑनलाइन बिक्री पर भी प्रभावी प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई।
राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है। सामूहिक जागरूकता और विभागीय समन्वय से ही प्रतिबंधित एवं घातक मांझे के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के अधिकारियों के अलावा अधिवक्तागण एवं रॉबर्ट्सगंज के व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।




