Sonbhadra News : 40 उच्च जोखिम वाले गांवों में चलेगा विशेष अभियान - डीएम
जिले में मलेरिया, डेंगू, डायरिया समेत संचारी एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आज विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान (द्वितीय चरण) का शुभारम्भ जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने ग्राम बभनौली....

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ की कुछ झलकियां......
sonbhadra
2:40 PM, July 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• बभनौली कला से डीएम ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ
• 31 जुलाई तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
सोनभद्र । जिले में मलेरिया, डेंगू, डायरिया समेत संचारी एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आज विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान (द्वितीय चरण) का शुभारम्भ जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने ग्राम बभनौली कला से किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, ग्राम प्रधानों और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में अभियान का विधिवत शुभारम्भ हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि "बरसात का मौसम संचारी रोगों के फैलने का सबसे संवेदनशील समय होता है। ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखे, कहीं भी पानी जमा न होने दे और मच्छरों के पनपने की संभावना खत्म करे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "यदि किसी व्यक्ति को बुखार आता है तो उसे सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज न करें और न ही स्वयं दवा लेकर इलाज करें। तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। समय पर जांच और उपचार से मलेरिया, डेंगू और अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।"
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल दवा देना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों को बताएगी कि बुखार होने पर क्या करें, क्या न करें, साफ-सफाई कैसे रखें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग क्यों जरूरी है तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए किन सावधानियों का पालन करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि "जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पूरे जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य, ग्राम विकास, नगर विकास, शिक्षा, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि जनपद में 40 उच्च जोखिम वाले गांवों को चिन्हित किया गया है। इन गांवों की सूची संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है। यहां विशेष रूप से मलेरिया, डेंगू, डायरिया एवं अन्य जलजनित और वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की पहचान, साफ-सफाई, एंटी लार्वा गतिविधियां और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।"
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी बागीश कुमार शुक्ला, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 प्रेमनाथ, डॉ0 जी0एस0 यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी लालजी शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डी0एन0 श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, सफाईकर्मी एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।




