Sonbhadra News : विशेष अभियान: SIR में हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों का होगा पुनः सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
अभियान की शुरुआत से पहले सभी BLO को अपने-अपने मतदान केंद्रों की हटाई गई प्रविष्टियों की सूची ASDDO उपलब्ध कराई जाएगी।

sonbhadra
8:47 PM, October 8, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । मतदाता सूची को अधिक सटीक और समावेशी बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत SIR के दौरान हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों का पुनः सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अपने संबंधित मतदान केंद्र की हटाई गई प्रविष्टियों की सूची लेकर घर-घर पहुंचेंगे और पात्र मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
अभियान के दौरान नए, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई जाएगी। साथ ही, ऐसे पात्र मतदाताओं को भी सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं।
हटाई गई प्रविष्टियों का होगा घर-घर सत्यापन
अभियान की शुरुआत से पहले सभी BLO को अपने-अपने मतदान केंद्रों की हटाई गई प्रविष्टियों की सूची ASDDO उपलब्ध कराई जाएगी। BLO इसी सूची के आधार पर संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर पुनः सत्यापन करेंगे। ASDDO सूची को जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) की वेबसाइट पर भी प्रदर्शित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा BLO को हटाई गई प्रविष्टियों के घर-घर पुनः सत्यापन तथा नए, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के पंजीकरण के संबंध में ब्रीफिंग दी जाएगी। ब्रीफिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने के साथ विधानसभा क्षेत्र के नाम सहित क्षेत्रीय मीडिया के साथ भी साझा की जाएंगी।
प्रतिदिन साझा होंगे अभियान के फोटो और वीडियो
विशेष अभियान के दौरान मैदानी स्तर पर होने वाली गतिविधियों के फोटो और वीडियो क्लिप प्रतिदिन मीडिया के साथ साझा किए जाएंगे। साथ ही इन्हें सभी DEO और ERO के सोशल मीडिया हैंडल पर भी प्रतिदिन पोस्ट किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर की जाने वाली प्रत्येक पोस्ट में मतदान केंद्र का नाम, विधानसभा क्षेत्र (AC) और जनपद का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज करना अनिवार्य होगा।
BLO और नए मतदाताओं के अनुभव भी होंगे साझा
अभियान के दौरान BLO के बाइट, अनुभव और प्रतिक्रिया (Testimonials) रिकॉर्ड कर उन्हें सोशल मीडिया तथा क्षेत्रीय मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा।
इसी तरह मतदाता सूची में नए नाम जुड़ने के बाद नए, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के अनुभव और प्रतिक्रिया भी रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया और क्षेत्रीय मीडिया पर साझा की जाएगी। इससे मतदाता पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होगा प्रचार
निर्देशों के अनुसार सभी DEO और ERO के सोशल मीडिया हैंडल से अभियान से संबंधित पोस्ट प्रतिदिन जारी की जाएंगी। इन पोस्ट में CEO और ECI के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को टैग किया जाएगा।
अभियान की गतिविधियों को Instagram, Facebook, X और YouTube समेत प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से प्रसारित किया जाएगा। प्रत्येक पोस्ट में मतदान केंद्र, विधानसभा क्षेत्र और जनपद का नाम अनिवार्य रूप से शामिल रहेगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र मतदाता मतदाता सूची में दर्ज होने से न छूटे और SIR के दौरान हटाई गई प्रविष्टियों का पुनः सत्यापन कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जा सकें।




