Sonbhadra News : सन्त रविदास एवं बोधिसत्व सन्त गाडगे की जयंती समारोह में वक्ताओं ने रखे विचार
महुली स्थित खेल मैदान में आयोजित जयंती समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मोहा मन

सोनभद्र
9:41 PM, March 1, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली स्थित राजा बरियार शाह खेल मैदान में संत शिरोमणि संत रविदास, स्वच्छता के प्रणेता संत गाडगे बाबा तथा समाजवादी चिंतक जगदेव प्रसाद (जगदेव बाबू कुशवाहा) की संयुक्त जयंती श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक जागरूकता के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के हजारों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गौतम बुद्ध, छत्रपति शाहू महाराज, संत रविदास, भीमराव रामजी अम्बेडकर, संत गाडगे बाबा एवं जगदेव बाबू के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उपस्थित जनसमूह ने सामाजिक समानता एवं न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही ब्लॉक प्रमुख दुद्धी रंजना चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा वह शक्ति है जो समाज को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा, “जो समाज शिक्षा को अपनाता है, वही आगे बढ़ता है।
वक्ता विनोद कुमार ने कहा कि केवल पढ़-लिख लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान को समाजहित में प्रयोग करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि जुबेर आलम जिला पंचायत सदस्य बघाडू ने जगदेव बाबू के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित, सबल और संगठित बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक न्याय और भागीदारी की मजबूती पर जोर दिया।
पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा रामविचार गौतम ने कहा कि देश में समान मताधिकार और सामाजिक न्याय की व्यवस्था संविधान की देन है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि संविधान ही लोकतंत्र की आत्मा है।
बीआरडी पीजी कॉलेज दुद्धी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार ने पृथक निर्वाचन प्रणाली और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र में सहभागिता ही असली शक्ति है।




