Sonbhadra News : "हर घर जल योजना" में भ्रष्टाचार का आरोप लगा सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
आज समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने हर घर जल नल योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर जांच की.....

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता......
sonbhadra
8:22 PM, February 24, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने हर घर जल नल योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर जांच की मांग की।
इस दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि "भाजपा सरकार के विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जिले की जनता को आज भी शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई गांवों में पाइप लाइन बिछाई गई है, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। कुछ स्थानों पर पानी की टंकियां बनी हैं, पर उनमें पानी नहीं है। उन्होंने बताया कि मारकुंडी, कनपानी, टोला नगवां समेत कई गांवों में योजना अधूरी पड़ी है। चोपन, कोन, नगवा और म्योरपुर क्षेत्र में लोग आज भी हैंडपंप से फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। योजना के प्रचार-प्रसार के नाम पर वाल पेंटिंग में करोड़ों रुपये खर्च दिखाए गए, जिसकी भी जांच होनी चाहिए।"
अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने कहा कि "जनपदवासियों को हर घर नल से जल योजना के नाम पद सिर्फ छला गया है। जनता के हितों से सरकार को कोई सरोकार नहीं है। सरकार न तो शुद्ध जल उपलब्ध करा पा रही है, ना ही सड़क और ना ही शिक्षा।"
सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि "भाजपा सरकार केवल कागजों तक सिमटी हुई है, कोई भी योजना सोनभद्र में ठीक से संचालित नहीं हो रही है, स्वस्थ रहने के लिये शुद्ध पानी तक ये सरकार उपलब्ध नहीं करा पा रही।"
वहीं अनीता बैगा ने कहा कि "ग्रामीणों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। महिलाओं को दूर जाकर चुआड़ से पानी लाना पड़ता है।"
ग्रामीणों ने बताया कि "बंगल्हि और गोरारी जैसे इलाकों में पानी की भारी कमी है। 'हर घर नल योजना' के तहत पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन उनमें अभी तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है।"
जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि पाइपलाइन में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जल निगम के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि बजट उपलब्ध होते ही कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ क्षेत्रों में पानी पहुंचना शुरू हो गया है, और जहां आपूर्ति नहीं हुई है, वहां इसे जल्द बहाल किया जाएगा। प्रशासन ने जल आपूर्ति की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का वादा किया है।
इस दौरान शांति गोंड, अमरावती, अंकित अग्रहरि, सुरेश अग्रहरी, रमाशंकर खरवार, अशोक केवट, पारस गोंड, राजकुमार बैगा, गोविंद अररिया, लक्ष्मी पटेल, मुन्ना चौरसिया आदि मौजूद रहे।



