Sonbhadra News : डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

sonbhadra
4:33 PM, May 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वर्ण जयंती चौक पर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर महंगाई का विरोध किया, जबकि कार्यकर्ताओं ने बाइक को ठेले पर लादकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस दौरान सपाइयों ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। वहीं सपाइयों ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प भी दोहराया।
वहीं प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि "भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। आम आदमी का घर चलाना मुश्किल हो गया है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं से बेखबर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं सभी महंगाई से परेशान हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से हर जरूरी वस्तु महंगी हो गई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार जनता की आवाज उठा रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को जवाब देने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है।"
वहीं महिला कार्यकर्ता पूजा देवी ने कहा कि "रसोई गैस के दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है। पहले जिस सिलेंडर से घर का बजट संभल जाता था, अब वही सिलेंडर गरीब परिवारों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने रसोई का पूरा गणित बिगाड़ दिया है और महिलाओं को घर चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।"
इस दौरान नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह, सुरेश अग्रहरि, शिव कुमार यादव, मनीष केडिया, ऊषा भारती, कल्याणी भारती, किरन कोल, गोपाल गुप्ता, शौर्य त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




