Sonbhadra News : सपा कार्यकर्ताओं ने रावण रूपी महंगाई, वोट चोरी और पेपर लीक का फूंका पुतला
उन्होंने कहा कि आज भी अत्याचार, महिला अपराध, पेपर लीक, महंगाई और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दे जनता के सामने चुनौती बने हुए हैं।

sonbhadra
9:26 AM, October 21, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है, लेकिन आज भी समाज में कई ऐसी बुराइयां मौजूद हैं, जिन्हें समाप्त करना बेहद जरूरी है। इसी संदेश के साथ मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पन्नूगंज रोड मार्ग पर महंगाई, कथित वोट चोरी, चंदा चोरी और पेपर लीक जैसी समस्याओं को रावण रूपी बुराइयों का प्रतीक बताते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान दुर्गा प्रसाद बाबा ने प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाकर रावण का अंत किया।
कार्यक्रम के माध्यम से सपा कार्यकर्ताओं ने संदेश दिया कि रावण का पुतला जलाने के साथ-साथ समाज में व्याप्त अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार, महिला अपराध और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों के खिलाफ भी आवाज उठाना आवश्यक है।
समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि रावण का अंत केवल प्रतीकात्मक रूप से पुतला जलाने से नहीं होगा, बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि आज भी अत्याचार, महिला अपराध, पेपर लीक, महंगाई और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दे जनता के सामने चुनौती बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चंदा चोरी और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इन्हीं समस्याओं के विरोध में रावण रूपी बुराइयों का पुतला दहन किया गया।
अशोक भारती और सुरेश अग्रहरी ने कहा कि आज भी समाज में रावण रूपी बुराइयां मौजूद हैं। गुंडागर्दी, माफियागिरी और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसी बुराइयों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगेगा, तब तक समाज में भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण बनाना चुनौतीपूर्ण रहेगा।
वहीं, जुनैद अंसारी ने पेपर लीक के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं की मेहनत और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के बेहतर अवसर मिलना चाहिए।
इस अवसर पर गुलाब सोनकर, अशोक केवट, गोपाल गुप्ता, दिनेश शर्मा, मोहन बैसवार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने समाज में न्याय, समानता और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।




