Sonbhadra News : महंगाई के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, कमर्शियल सिलेंडर की ‘आरती’ उतारकर जताया विरोध
महंगाई और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम तीन हजार रुपये के पार पहुंचने के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया।

sonbhadra
4:35 PM, May 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । महंगाई और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम तीन हजार रुपये के पार पहुंचने के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में हुए इस विरोध-प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में कमर्शियल सिलेंडर की पूजा-अर्चना और आरती उतारकर भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लिया।
प्रदर्शन के दौरान जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से ‘अच्छे दिन’ का वादा किया था, लेकिन आज महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम तीन हजार रुपये के पार पहुंचने से सीधे तौर पर आम जनता प्रभावित हो रही है। पहले जो चाय पहले 5 रुपये में मिलती थी, वह अब 10 रुपये में मिलने लगी है। सरकार आम आदमी की थाली से निवाला छीनने का काम कर रही है।
सपा नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को महंगा करने में लगी हुई है।
वहीं, अल्पसंख्यक सभा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी और सुरेश अग्रहरी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जिससे आम जनता परेशान है।
दिवाकर भारती ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और खाद्य पदार्थों के दामों में लगातार वृद्धि से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है।
कार्यक्रम में सरोज पटेल, मनीष केड़िया, श्यामसुंदर सोनकर, मनोज केवट, शौर्य त्रिपाठी, संदीप भारती, अर्जुन खरवार, सुरेंद्र प्रजापति और अनिल शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




