Sonbhadra News : भाजपा सरकार के 9 साल पर सपा का हमला, मंहगाई-बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को विरुद्ध किया प्रदर्शन
शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल को लेकर जोरदार विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर झूठे वादे करने, मंहगाई-बेरोजगारी बढ़ाने और स्वास्थ्य व्यवस्था को....

sonbhadra
8:04 PM, April 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल को लेकर जोरदार विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर झूठे वादे करने, मंहगाई-बेरोजगारी बढ़ाने और स्वास्थ्य व्यवस्था को बदहाल करने का आरोप लगाते हुए आरटीएस चौराहे पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र में समाजवादी सरकार के समय बनाए गए ट्रामा सेंटर और बर्न यूनिट आज भी बंद पड़े हैं, जिन्हें खोलने के लिए जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसके चलते मरीजों को इलाज के लिए दूसरे जिलों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन नौ साल में केवल मंहगाई ही बढ़ी है। बिजली, गिट्टी-बालू, कापी-किताब और कलम तक के दाम बढ़ गए हैं, वहीं रोडवेज बसों का किराया भी महंगा कर दिया गया है। स्मार्ट मीटर लगाकर जनता से ज्यादा बिजली बिल वसूला जा रहा है, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से महिलाओं का घरेलू बजट बिगड़ गया है, जबकि किसान, व्यापारी और युवा भी परेशान हैं।कार्यकर्ताओं ने हर घर जल नल योजना में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया और कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया है।
इस दौरान सुरेंद्र भारती ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज का शोषण हो रहा है और सभी वर्ग के लोग परेशान हैं। वहीं अनिल विश्वकर्मा और सरजू प्रसाद ने कहा कि गांवों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की भारी कमी है और कई जगहों पर नर्सों के सहारे इलाज चल रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सुरेश अग्रहरी, रमाशंकर खरवार, अशोक केवट, जुनैद अंसारी, अरविंद कोल, रोहित शर्मा और राजू पासवान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




