Sonbhadra News : डीजल-पेट्रोल के बढ़ते कीमतों के खिलाफ सपा का धार्मिक अंदाज में विरोध, हनुमान चालीसा पढ़कर जताया आक्रोश
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। सपा नेताओं और.....

मंहगाई के खिलाफ पेट्रोल पंप पर हनुमान चालीसा का पाठ करते सपाई...
sonbhadra
7:47 PM, May 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के पास बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और सरकार पर जनता का आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम के दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार महंगाई का इंजेक्शन लगाकर जनता का खून चूसने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी, महंगी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बढ़ती बिजली दरों से परेशान है, लेकिन सरकार केवल पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है।
वहीं सपा नेताओं जुनैद अंसारी और मनीष केडिया ने कहा कि आज रसोई गैस सिलेंडर से लेकर कॉपी-किताब, दवा, शिक्षा और इलाज तक सबकुछ महंगा हो चुका है। आम आदमी की जेब पर लगातार बोझ बढ़ता जा रहा है, जबकि सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है।
कार्यक्रम का संचालन सपा नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी ने किया। इस दौरान सरोज शर्मा, राजू पासवान, अनिल विश्वकर्मा, सरजू प्रसाद, गोपाल केवट सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




