Sonbhadra News : जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को गिराने के आदेश पर सपा अल्पसंख्यक सभा का विरोध प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्यवाही का विरोध करते हुए आज अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष फारुख अली जिलानी के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं......

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते सपा अल्पसंख्यक सभा के कार्यकर्ता......
sonbhadra
4:01 PM, July 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्यवाही का विरोध करते हुए आज अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष फारुख अली जिलानी के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाने तथा मामले का विधिसम्मत एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष फारुख अली जिलानी ने बताया कि "जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। किसी भी प्रशासनिक अथवा कानूनी कार्यवाही को संविधान, कानून और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप किया जाना चाहिए। यदि निर्माण या भूमि संबंधी कोई विवाद है तो उसका समाधान वैधानिक प्रक्रिया के तहत किया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित प्रभावित न हों।"
इस दौरान सपा नेता हिदायतुल्ला खां ने कहा कि "मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने और युवाओं का भविष्य संवारने के उद्देश्य से की गई थी। उनका आरोप था कि वर्तमान सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से प्रेरित होकर विश्वविद्यालय के भवनों को ध्वस्त करने की कार्यवाही कर रही है, जो शिक्षा और छात्रहित के खिलाफ है।"
प्रदेश सचिव मुस्तफा रजा ने कहा कि "विश्वविद्यालय के निर्माण के समय ग्राम सींगनखेड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र में था और उस समय उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम-1947 अथवा अन्य किसी कानून के तहत निर्माण अनुमति की आवश्यकता नहीं थी।"
वहीं जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने कहा कि "निर्माण के समय यह क्षेत्र आर0बी0 एक्ट-1958 के अंतर्गत रेगुलेटेड एरिया में भी शामिल नहीं था, इसलिए उस कानून के तहत अनुमति लेने का प्रश्न ही नहीं उठता। 27 सितंबर 2024 को ग्राम सींगनखेड़ा को पहली बार रामपुर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत शामिल किया गया, जबकि विश्वविद्यालय का निर्माण उससे पहले ही पूरा हो चुका था। इसलिए रामपुर विकास प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाही शिक्षा के साथ अन्याय है और इससे गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा।"
इस दौरान प्रदेश सचिव नजमुद्दीन इदरीशी, खुर्शीद आलम, विपिन कश्यप, इकराम अंसारी, राशिद, शाहिद, असलम खां, सैफ रजा, सेराज अहमद, रिजवान अहमद, नूर मोहम्मद, नगर अध्यक्ष सरदार परब्रह्म सिंह सहित समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




