Sonbhadra News : नशे के सात वांक्षित तस्करों पर एसपी ने घोषित किया ₹1.36 लाख का इनाम
बढ़ती नशे की लत और मादक पदार्थों के फैलते कारोबार के खिलाफ जनपद पुलिस ने अब आर-पार की कार्यवाही का रुख अख्तियार कर लिया है।

sonbhadra
8:25 PM, September 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। जिले में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की लत और मादक पदार्थों के फैलते कारोबार के खिलाफ जनपद पुलिस ने अब आर-पार की कार्यवाही का रुख अख्तियार कर लिया है। नशे के कारोबारियों के खिलाफ चल रहे 'ऑपरेशन शुद्धि' को धार देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित चल रहे सात अभियुक्तों पर कुल 1.36 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित कर दिया है।
वहीं अब तक गिरफ्तारी से बचते आ रहे इन आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद एसपी ने इनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर दिया। इसके साथ ही संबंधित थाना पुलिस और टीमों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए गए हैं।
राबर्ट्सगंज से डाला तक फैला नशे के नेटवर्क -
इनाम की सूची में राबर्ट्सगंज और चोपन थाना क्षेत्रों के आरोपी शामिल हैं। राबर्ट्सगंज थाने के एनडीपीएस मामले में वांछित मंजूर पुत्र करीमुल्ला पर 25 हजार रुपये, गोपाल पर 21 हजार और रामू पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित है। वहीं चोपन थाने के एनडीपीएस मामले में वांछित ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश, हाशिम और रमेश चन्द्रवंशी पर 20-20 हजार रुपये तथा सुनीता पत्नी सुधीर उर्फ छोटू पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। ऋषभ सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में भी मामला दर्ज है, जबकि चोपन के अन्य आरोपियों पर भी एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में अभियोग दर्ज है।
नशे की गिरफ्त में युवा, पुलिस ने बढ़ाई कार्यवाही की रफ्तार -
जिले में नशे का कारोबार महज कानून-व्यवस्था का सवाल नहीं रह गया है। मादक पदार्थों की आसान उपलब्धता से युवा वर्ग के नशे की गिरफ्त में जाने का खतरा लगातार बना हुआ है। नशे की लत से परिवारों का भविष्य प्रभावित होने के साथ ही अपराध का ग्राफ बढ़ने की आशंका भी रहती है।
इसी चुनौती को देखते हुए पुलिस ने अब फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इनाम घोषित कर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने साफ तौर पर नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को अब सुरक्षित ठिकाना नहीं मिलने वाला का संदेश दे दिया है।
'ऑपरेशन शुद्धि' में अब फरार आरोपियों की बारी -
एसपी अभिषेक वर्मा ने संबंधित पुलिस टीमों को वांछितों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश के साथ-साथ आरोपियों के संपर्कों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आमजन से भी अपील की है कि इन वांछित अभियुक्तों के बारे में कोई सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।




