Sonbhadra News : जल्द पूरे प्रदेश में बिकेगा सिर्फ ई-स्टाम्प - रविन्द्र जायसवाल
स्टाम्प पर नकली नोट छापने के तरीके ने सोनभद्र पुलिस को ही नहीं सरकार को भी चिंता में डाल दिया है । स्टाम्प में फर्जीवाड़े को रोकने के लिए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है ।

स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल
sonbhadra
7:04 PM, November 22, 2024
शान्तनु कुमार/आनंद चौबे
■ मंत्री ने की सोनभद्र पुलिस की तारीफ
■ मंत्री ने कहा- सोनभद्र पुलिस ने नकली नोट का खुलासा कर सरकार की बड़ी मदद की
■ पुलिस के सामने अब भी चुनौती बाजार में चल रहे नकली नोट को बरामद करने की
सोनभद्र । स्टाम्प पर नकली नोट छापने के तरीके ने सोनभद्र पुलिस को ही नहीं सरकार को भी चिंता में डाल दिया है । स्टाम्प में फर्जीवाड़े को रोकने के लिए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है । गुरुवार को सोनभद्र दौरे पर आए स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सरकार की प्लानिंग का खुलासा करते हुए बताया कि सरकार जल्द ही मैनुअल स्टाम्प को बन्द कर सिर्फ ई-स्टाम्प ही जारी करेगी । उन्होंने सोनभद्र पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि पुलिस ने न सिर्फ सराहनीय कार्य किया बल्कि सरकार को भी इस तरह के हो रहे गलत कार्य से अवगत कराया । उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की बात करती है और उस दिशा में जो भी कदम उठाने होंगे, उठाया जाएगा ।
स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि जब उन्हें मामले की जानकारी हुई तो उन्हें भी हैरानी हुई लेकिन जिस तरह से आरोपियों ने स्टाम्प को आधार बनाकर नकली नोट छापने का धंधा चला रहे थे, अभी और भी जानकारी जुटाई जा रही है । ताकि इनके पूरे गैंग को समाप्त किया जा सके ।
आपको बतादें कि कोन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति नकली नोट छापने का काम कर रहे हैं ।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने एक कार का पीछा कर उसमें सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया । जब पकड़े गये व्यक्तियों की तलाशी ली गयी तो उनके पास से एक ही सीरियल नम्बर के 20 अदद 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए । जबकि कार की डिग्गी से नोट छापने वाली प्रिन्टर, लैपटाप व 10 रुपये का 27 स्टाम्प भी बरामद किया गया ।




