Sonbhadra News : सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2 ने दिया महिला एकजुटता का संदेश
सोनभद्र की महिलाओं से मिले प्यार और सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने साबित किया है कि एकजुट होकर वे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं।

sonbhadra
5:42 PM, October 28, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । मंगलवार को आयोजित ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। गरबा और डांडिया के रंगों से सजे इस आयोजन ने न केवल मनोरंजन का अवसर प्रदान किया, बल्कि महिला एकजुटता, आत्मविश्वास और सामूहिक प्रयास की ताकत को भी प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम की संचालक एडवोकेट अनीता थरड और रितु जालान ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के दौरान कई चुनौतियाँ आईं, लेकिन कमेटी की सदस्यों ने हिम्मत नहीं हारी। सोनभद्र की महिलाओं से मिले प्यार और सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने साबित किया है कि एकजुट होकर वे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम का आयोजन श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के बैनर तले किया गया, जबकि इसकी व्यवस्था और वित्तीय सहयोग मारवाड़ी महिला कमेटी ने संभाला। कमेटी में शीला जैन, ममता जालान, मीरा जालान, रितु जालान, एडवोकेट अनीता थरड, सविता चौधरी, सुनीता झुनझुनवाला, शिप्रा झुनझुनवाला और दीप्ति केडिया शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि सीडीओ जागृति अवस्थी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के लिए ऐसे आयोजन होने चाहिए। महिला थाना प्रभारी रीता यादव भी उपस्थित रहीं और उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। दिल्ली से आईं एंकर आकृति मिश्रा और डीजे बाबू ने कार्यक्रम में उत्साह और मनोरंजन का रंग भर दिया।
आयोजन ने संदेश दिया कि महिलाओं को अवसर और सहयोग मिले तो वे सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दे सकती हैं।




