Sonbhadra News : जनसुनवाई पोर्टल पर समस्याओं के निस्तारण में सोनभद्र पुलिस प्रदेश में अव्वल
आईजीआरएस पोर्टल पर जनसुनवाई व शिकायतों के निस्तारण में जनवरी माह में सोनभद्र पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। रैंकिंग के अनुसार जिले के 21 थाने प्रथम स्थान पर हैं। शासन स्तर से जनसुनवाई के.....

sonbhadra
8:14 AM, February 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• जनपद के 21 थानों ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
सोनभद्र । आईजीआरएस पोर्टल पर जनसुनवाई व शिकायतों के निस्तारण में जनवरी माह में सोनभद्र पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। रैंकिंग के अनुसार जिले के 21 थाने प्रथम स्थान पर हैं। शासन स्तर से जनसुनवाई के क्रम में प्रदेश के सभी जिलों की रैंकिंग जारी की गई है। इसमें सोनभद्र जिले को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। प्रदेश में प्रथम आने पर एसपी अभिषेक वर्मा ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।
एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में उत्तर प्रदेश सरकार के IGRS पोर्टल पर माह जनवरी 2026 में प्राप्त जनमानस की शिकायतों को नियत समय में गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के लिए सोनभद्र पुलिस प्रदेश में जनवरी-2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में अव्वल रहकर कुल 125 अंक में से 125 अंक प्राप्त किया है। समय-समय पर अधिकारियों द्वारा समीक्षा कर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में आ रही कमियों को दूर किया गया तथा आईजीआरएस सेल में नियुक्त कर्मियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रोत्साहित किया। शासन के मंशानुरूप अधिक लगन व मेहनत से शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण किया गया तथा सोनभद्र पुलिस आगे भी प्रत्येक क्षेत्र में इसी तरह से निरंतर कार्य करती रहेगी। जनपद के 21 थानों ने भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के थानों की रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किए हैं।
जिले के सभी थानों में जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की गई, जिसके चलते न केवल जनपद स्तर पर बल्कि मंडल और राज्य स्तर पर भी सोनभद्र पुलिस का प्रदर्शन सराहनीय रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने इस उपलब्धि पर समस्त थाना प्रभारियों और कर्मियों को बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी जनता की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि "शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों पर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण कराया जा रहा है। यह पूरी टीम की मेहनत और पुलिस व जनता के बीच विश्वास व सहयोग का परिणाम है। हमारा लक्ष्य केवल शिकायत को बंद करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्याओं का समाधान कर संतुष्टिपरक कार्रवाई करना है।"




