Sonbhadra News : सोनभद्र पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' जारी, मुठभेड़ के बाद गैंगरेप के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
ओबरा पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के तीनों आरोपियों को 30 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए सरकारी.....

मुठभेड़ के बाद घायल गैंगरेप का आरोपी.....
sonbhadra
7:18 AM, January 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे/घनश्याम पाण्डेय (संवाददाता)
सोनभद्र । ओबरा पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के तीनों आरोपियों को 30 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजवाया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एक तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
ये है मामला -
पुलिस के अनुसार, गत 2 जनवरी की शाम ओबरा थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी पीड़िता की मां ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 17वर्षीय पुत्री मजदूरी करने के उद्देश्य से ग्राम भलुआ टोला में किराये के कमरे में रहती थी। उसकी पुत्री के साथ कार्य करने वाला राजगीर मिस्त्री पप्पू उर्फ बिन्दू यादव पुत्र रवि यादव निवासी कनहरा थाना ओबरा ने अपने अन्य दो साथियों के साथ 30 दिसंबर को उसकी पुत्री को भलुआ टोला के पूरब स्थित पहाड़ी पर ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया गया। जिस परथाना ओबरा पर धारा 70(2), 351(3) बीएनएस, 3/4 पाक्सो एक्ट एवं 3(2)v SC/ST एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी।
सीओ ओबरा अमित कुमार ने बताया कि "एसपी अभिषेक वर्मा ने आरोपियों के शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनिक कुमार के पर्वेक्षण में थाना प्रभारी ओबरा के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही थी। बीती देर रात मुखबिर की सुचना पर पुलिस टीम ने बिल्ली मारकुंडी खदान क्षेत्र में घेराबंदी कर अभियुक्त पप्पू उर्फ बिन्दू यादव (30वर्ष) पुत्र रवि यादव निवासी कनहरा एवं अर्जुन डोम (19वर्ष) पुत्र स्व0 नन्हक डोम निवासी भलुआ टोला मलिन बस्ती थाना को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरे अभियुक्त करन डोम (28वर्ष) पुत्र चन्द्रमड़ी डोम निवासी सेक्टर-10 लंका कॉलोनी थाना ओबरा ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिस पर पुलिस टीम के आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में करन के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। अभियुक्त करन डोम के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जिसके आधार पर थाना ओबरा पर धारा 109 बीएनएस व धारा 3/25 आर्म्स एक्ट का अभियोग अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। जहाँ वह इलाजरत है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।"
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम -
1. प्र0नि0 विजय कुमार चौरसिया थाना ओबरा
2. उ0नि0 विष्णु प्रभा सिंह चौकी प्रभारी कस्बा ओबरा
3. उ0नि0 राम सिंह यादव, उ0नि0 राजेश दूबे थाना ओबरा
4. हे0का0 संतोष पटेल, हे0का0 अवधेश कुमार, का0 प्रवीण कुमार राय, का0 पंकज पाल थाना ओबरा




