Sonbhadra News : सोनभद्र पुलिस ने 151 खोए मोबाइल को उनके स्वामियों को लौटाए
सोनभद्र पुलिस ने 151 खोए/गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उनके मालिक को सौंपा। गुम हुए मोबाइल स्वामी मोबाइल पाकर बेहद खुश नजर आए।

sonbhadra
4:58 PM, February 2, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । सोनभद्र पुलिस ने 151 खोए/गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उनके मालिक को सौंपा। गुम हुए मोबाइल स्वामी मोबाइल पाकर बेहद खुश नजर आए।
इस अभियान के तहत सर्विलांस सेल, एसओजी टीम तथा जनपद के समस्त थानों की संयुक्त टीमों द्वारा CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण एवं सतत मॉनिटरिंग करते हुए कुल 151 मोबाइल फोन जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख है, सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किए गए। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया। अपने बहुमूल्य मोबाइल पुनः प्राप्त होने पर नागरिकों द्वारा अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा जनपद सोनभद्र पुलिस की तत्परता, पारदर्शिता एवं जनहितकारी कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व माह दिसंबर 2025 में भी सोनभद्र पुलिस द्वारा 253 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए गए थे। लगातार दो माह में मिली यह सफलता जनपद पुलिस की तकनीकी दक्षता, अथक प्रयास एवं आमजन के प्रति संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाती है। पुलिस अधीक्षक जनपद सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा इस सराहनीय उपलब्धि हेतु सर्विलांस सेल, एसओजी टीम एवं संबंधित थाना प्रभारियों/कर्मचारियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के लिए प्रोत्साहित किया गया।



