Sonbhadra News : 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेगा सोनांचल, ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को लेकर प्रशासन ने बनाई रणनीति
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित..

sonbhadra
11:02 PM, August 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा तय करते हुए अधिकारियों को विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान विकसित करना और स्वतंत्रता दिवस को जन-जन का उत्सव बनाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों, अमृत सरोवरों तथा प्रत्येक आवासीय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए और प्रमुख स्थलों को तिरंगा आधारित प्रकाश व्यवस्था से सजाया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान पूरे जनपद में तिरंगा यात्रा, तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा मेला, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा संगीत कार्यक्रम तथा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए जनपद के प्रमुख स्थानों पर एचजीटी (HGT) सेल्फी बूथ भी स्थापित किए जाएंगे।
डीएम ने आगे बताया कि स्वयं सहायता समूहों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों, खादी भंडारों और स्थानीय वस्त्र विक्रेताओं के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि प्रत्येक नागरिक सम्मानपूर्वक अपने घर पर तिरंगा फहरा सके।
स्वतंत्रता दिवस पर बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में प्रभात फेरी, तिरंगा रैली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के बाद विद्यार्थियों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए जाएंगे। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, निराश्रित आश्रमों, दिव्यांग आश्रमों और बाल सुधार गृहों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित कर मिष्ठान वितरण किया जाएगा।
ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिव पंचायत सचिवालयों और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण करेंगे साथ ही गोष्ठियों, व्याख्यानमालाओं एवं राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शहीद सैनिकों के परिजनों तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शहीद स्थलों पर पुलिस, पीएसी एवं होमगार्ड बैंड द्वारा देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों, औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारियों तथा आम नागरिकों से अपने-अपने घरों पर अनिवार्य रूप से तिरंगा फहराकर अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, पर्यटन अधिकारी राजेश भारती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




