Sonbhadra News : मानसून की पहली फुहार से खिल उठा सोनांचल, किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
कई दिनों से भीषण गर्मी, उमस और तपिश से बेहाल जनपदवासियों के लिए शनिवार की शाम राहत भरी सौगात लेकर आई। मानसून की पहली जोरदार बारिश ने पूरे जिले का मौसम बदल दिया। शाम करीब 7:30 बजे अचानक आसमान पर काले..

नगर में हो रही बारिश का दृश्य.......
sonbhadra
9:15 PM, June 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कई दिनों से भीषण गर्मी, उमस और तपिश से बेहाल जनपदवासियों के लिए रविवार की शाम राहत भरी सौगात लेकर आई। मानसून की पहली जोरदार बारिश ने पूरे जिले का मौसम बदल दिया। शाम करीब 7:30 बजे अचानक आसमान पर काले बादलों ने डेरा डाल दिया और तेज धूलभरी आंधी के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने देखते ही देखते पूरे शहर को भिगो दिया। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम वर्षा ने न केवल मौसम को खुशनुमा बना दिया, बल्कि लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत भी दिलाई।
तपती धरती पर बरसी राहत की फुहार -
रविवार शाम तक आसमान से आग बरस रही थी। उमस के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था और बाजारों में भी चहल-पहल कम हो गई थी। लेकिन शाम होते-होते मौसम ने ऐसा करवट बदला कि तेज हवाओं के साथ बादल उमड़ पड़े और कुछ ही मिनटों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश की पहली फुहार पड़ते ही तपती धरती महक उठी और वातावरण पूरी तरह शीतल हो गया।
बारिश का लोगों ने खुलकर उठाया आनंद -
पहली मानसूनी बारिश ने शहरवासियों के चेहरे खिल उठा दिए। बच्चे गलियों में बारिश का आनंद लेते नजर आए तो युवाओं ने भीगते हुए मौसम का स्वागत किया। घरों की छतों, बालकनियों और दुकानों के बाहर खड़े लोग बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए। लंबे समय बाद ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत की सांस ली और मौसम का भरपूर लुत्फ उठाया।
किसानों के लिए खुशखबरी, खेतों में लौटेगी रौनक -
मानसून की पहली बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो धान सहित अन्य फसलों की पैदावार बेहतर होगी।
कहीं राहत तो कहीं जलभराव की परेशानी -
बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर के कुछ निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, लेकिन इसके बावजूद लोगों के चेहरे पर बारिश की खुशी साफ दिखाई दी। लोगों का कहना था कि यह परेशानी कुछ समय की है, लेकिन मानसून की पहली बारिश ने भीषण गर्मी से जो राहत दी है, वह बेहद सुकून देने वाली है।
आने वाले दिनों में और सक्रिय होगा मानसून -
पहली मानसूनी बारिश के साथ ही लोगों को उम्मीद है कि अब जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय होगा। मौसम में आई ठंडक से जनजीवन सामान्य होने लगा है और लोगों को आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की आस बंध गई है। यदि यही सिलसिला जारी रहा तो न केवल गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि खेती-किसानी और जलस्रोतों के लिए भी यह बारिश बेहद लाभदायक साबित होगी।




